कोरोना पर डेली अपडेट देने वाले IAS अफसर लव अग्रवाल कौन हैं, जानें उनके बारे में


मूलत: सहारनपुर के रहने वाले लव अग्रवाल आंध्र प्रदेश काडर के आईएएस अफसर हैं। वह आईआइटियन भी हैं


सय्यद सफदर अली 


नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के गहराते संकट के बीच आजकल मोदी सरकार के एक आईएएस अफसर की प्रेस कान्फ्रेंस का हर रोज सबको इंतजार रहता है। ये आईएएस अफसर कोई और नहीं, स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल हैं। इन दिनों अक्सर वह शाम चार बजे नेशनल मीडिया सेंटर पर प्रेस कान्फ्रेंस कर देश को कोरोना का ताजा हाल बताते हैं। मसलन, देश में अब तक कितने लोग कोरोना संक्रमण का शिकार हुए, कितनी मौतें हुईं और सरकार क्या कर रही है, जनता को क्या करना चाहिए। आंध्र प्रदेश में शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में काम करने के बाद स्वास्थ्य मंत्रालय में अहम भूमिका निभा रहे लव अग्रवाल की पहचान इनोवेटिव आईएएस अफसर की रही है।


मूलत: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के रहने वाले लव अग्रवाल आंध्र प्रदेश काडर के आईएएस अफसर हैं। वह आईआइटियन भी हैं। आईआईटी-दिल्ली से 1993 में मैकेनिकल इंजीनियरिंग करने के बाद लव ने बाद में सिविल सर्विसेज परीक्षा पास की। 1996 में उन्हें आंध्र प्रदेश काडर मिला। आंध्र प्रदेश में माध्यमिक शिक्षा विभाग के वह निदेशक रहे। वर्ष 2016 के बाद लव अग्रवाल को लगा कि केंद्र सरकार में काम करना चाहिए। उन्होंने प्रतिनियुक्ति मांग ली। अच्छा ट्रैक रिकॉर्ड रहा है, इसलिए प्रतिनियुक्ति का रास्ता साफ हुआ और मोदी सरकार ने उन्हें 28 अगस्त, 2016 को स्वास्थ्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव (जेएस) बनाया। इस पद पर उनकी नियुक्ति पांच साल के लिए हुई है। यानी वह 2021 तक इस पद की जिम्मेदारी निभा सकते हैं।